एमजी रोड की बदहाल सड़क पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा, 8 दिन में सुधार नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

बड़वानी-शहर के सबसे व्यस्त बाजार एमजी रोड की बदहाल सड़क को लेकर व्यापारियों और रहवासियों का आक्रोश फिर सामने आया है। गुरुवार को व्यापारियों ने एसडीएम भूपेन्द्र सिंह रावत को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि 8 दिनों के भीतर सड़क की स्थिति नहीं सुधरी तो मोटी माता से एमजी रोड तक आवागमन बंद कर आंदोलन किया जाएगा।

व्यापारियों ने बताया कि पिछले चार महीनों से चल रहे सीवरेज कार्य के कारण सड़क जगह-जगह खोदी पड़ी है। गहरे गड्ढों के चलते आए दिन वाहन फंस रहे हैं और बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। खराब सड़क और उड़ती धूल से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक बाजार आने से बच रहे हैं, जबकि दुकानों में रखा सामान धूल से खराब हो रहा है।

रहवासियों ने बताया कि बारिश शुरू होने से पहले सड़क सुधार नहीं हुआ तो कीचड़ और जलभराव से हालात और बिगड़ जाएंगे। उन्होंने निर्माण कंपनी पर लापरवाही और धीमी गति से काम करने का आरोप लगाया।

गौरतलब है कि मार्च माह में भी इस समस्या को लेकर आंदोलन हुआ था। उस दौरान सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, पूर्व मंत्री प्रेम सिंह पटेल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कंपनी को सड़क सुधार के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक हालात नहीं बदले। ज्ञापन का वाचन जितेंद्र जैन ने किया।