जबलपुर/बरगी: 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत छठे दिन पर बरगी और जबलपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कॉरिडोर टीम के सहयोग से एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। इसमें दोपहिया, तिपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को लेन अनुशासन, रक्षात्मक ड्राइविंग, और यातायात नियमों के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलू

  • हाइवे पर रोड साइनेंज एवं रोड मार्किंग के महत्व को समझाया गया।
  • हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग पर जोर दिया गया।
  • वाहनों में रियर रिफ्लेक्टर का महत्व बताया गया।
  • ट्रैफिक सिग्नल एवं ज़ेब्रा क्रॉसिंग का पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
  • आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।

सड़क सुरक्षा संदेश को लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए पंपलेट वितरित किए गए और वाहनों पर रिफ्लेक्टिव रेडियम स्टीकर चिपकाए गए, जिससे रात्रि एवं कम दृश्यता की परिस्थितियों में वाहनों की दृश्यता बढ़ाई जा सके।

इस अवसर पर टोल मैनेजर रचित अग्रवाल, सेफ्टी इंचार्ज श्री लोकेंद्र शर्मा, कॉरिडोर मैनेजर श्री कमल सिंह, और सीआरओ श्री भानु प्रताप सिंह सहित कॉरिडोर टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

यह सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, जिससे सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाई जा सके।