फिर एक बार नगर परिषद नौरोजाबाद सुर्खियों में कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, CMO की गैरहाजिरी से कर्मचारियों में नाराजगी
उमरिया जिले की नौरोजाबाद नगर परिषद एक बार फिर विवादों में है। इस बार मामला शहर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मचारियों के आक्रोश से जुड़ा है। मध्य प्रदेश श्रमजीवी सफाई कर्मचारी संघ की बैठक में कर्मचारियों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उनकी जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारी सुनने तक को तैयार नहीं हैं।
संघ द्वारा 5 जून को एक अहम बैठक बुलाई गई थी, जिसमें मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), अकाउंटेंट और स्थापना शाखा के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था। लेकिन बैठक में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं हुआ। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैल गई। कर्मचारियों का कहना है कि जब वे हर परिस्थिति में शहर की सफाई कर सकते हैं, तो अधिकारी उनकी समस्याएं सुनने के लिए समय क्यों नहीं निकाल सकते?
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर जल्द विशेष बैठक बुलाने की मांग की गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो वे लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।
Comments (0)