वार्ड 10-11 में नई जल पाइपलाइन का भूमि पूजन, 100 परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ
टीकमगढ़। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 और 11 में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कादरी मस्जिद के पास नई जल पाइपलाइन बिछाने के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस परियोजना से क्षेत्र के लगभग 100 परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने बताया कि दोनों वार्डों में हर घर तक पानी पहुंचाने के उद्देश्य से नई पाइपलाइन डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की भारी किल्लत रहती है, जिसे देखते हुए यह योजना तैयार की गई है। पाइपलाइन बिछने के बाद लोगों को नियमित और पर्याप्त पानी मिल सकेगा, जिससे जल संकट से राहत मिलेगी।
20 साल में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी- विधायक यादवेंद्र सिंह
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने कहा कि पिछले करीब 20 वर्षों से नगर पालिका में भाजपा की परिषद रही, लेकिन जनता की बुनियादी जरूरतों जैसे पानी, सड़क और सफाई पर समुचित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान नगर पालिका परिषद शहर की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कर रही है। विधायक ने विश्वास दिलाया कि नई जल पाइपलाइन से वार्ड 10 और 11 में जल संकट काफी हद तक कम होगा और लोगों को स्थायी समाधान मिलेगा।
पार्षदों ने जताया आभार
स्थानीय पार्षद जसवंत वाल्मीकि और पार्षद प्रतिनिधि फरीद खान ने बताया कि इन वार्डों में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई थी। नई पाइपलाइन बिछने से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष और विधायक का आभार जताते हुए कहा कि यह योजना जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है। भूमि पूजन कार्यक्रम में सूर्य प्रकाश मिश्रा, जसवंत वाल्मीकि, फरीद खान, अनीश अहमद, देवी अहिरवार, जावेद खान, नीतेश बिलगईयां सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और वार्डवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने उम्मीद जताई कि तय समय में पाइपलाइन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, ताकि आगामी गर्मियों में पानी की परेशानी से निजात मिल सके।
Continue With Google
Comments (0)