ग्वालियर:  नववर्ष के पहले दिन ग्वालियर में मौसम ने ठंडी फुहारों और शीतल बयार के साथ मेले की रौनक को और मोहक बना दिया। शहर के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग मेले का आनंद लेने पहुंचे। सतरंगी रोशनियों से सजे झूला सेक्टर सहित मेले के अन्य सेक्टरों में उत्साह और उमंग का अद्भुत संगम देखने को मिला।

मेले के झूला सेक्टर में सजे रोमांचक झूले आकर्षण का केंद्र रहे। झूलों से झरती रोमांचपूर्ण हंसी और खिलखिलाते चेहरों पर सजी मुस्कान ने पूरे वातावरण को जीवंत कर दिया। बच्चों से लेकर युवाओं और बड़ों तक, झूलों की मस्ती का सभी ने भरपूर आनंद लिया और नववर्ष के पहले दिन को यादगार बनाया।

ठंडे मौसम के बीच गरमागरम व्यंजनों की खुशबू ने हर किसी को अपनी ओर खींचा। सूप, भेलपुरी, सोफ्टी, स्वीट कॉर्न, खजला-पापड़, चाट सहित विभिन्न लजीज पकवानों का सैलानियों ने भरपूर लुत्फ उठाया।

  • हस्तशिल्प और सजावटी सामग्री की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ रही।
  • खिलौनों और रोजमर्रा की वस्तुओं की दुकानों पर खरीददारी का उत्साह साफ झलका।

सैलानियों की भारी भीड़ से दुकानदारों और ठेले-व्यवसायियों के चेहरों पर खुशी झलक रही थी। सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के बीच देर शाम तक मेला गुलजार रहा।

कुल मिलाकर, नए साल का पहला दिन मेले में उमंग, स्वाद, रोशनी और खुशियों की सौगात लेकर आया, जिसने ग्वालियरवासियों को नववर्ष की शानदार शुरुआत का अहसास कराया।