ओरछा–शाहगढ़ मार्ग को फोरलेन कराने सिंधिया ने लिखा गडकरी को पत्र

 भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित ओरछा, टीकमगढ़, शाहगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग 539 जिसकी लम्बाई 155 किलोमीटर है और निर्माण एजेन्सी भारतीय सड़क विकास प्राधिकरण है वर्तमान में इस मार्ग का सर्वे एवं भू-अर्जन का कार्य किया जा रहा है।
इस मार्ग को फोरलेन कराने के लिए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है।
पत्र में श्री सिंधिया ने लिखा है कि जनहित और क्षेत्रीय विकास को दृष्टिगत रखते हुए झाँसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग 39 के 9 किलोमीटर से ओरछा, टीकमगढ़, शाहगढ़ (सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-34) तक का मार्ग जिसका निर्माण टू-लेन में प्रस्तावित है, जबकि टू-लेन के स्थान पर फोरलेन किया जाना सर्वथा उचित है क्योंकि इस मार्ग पर विश्व धरोहर के रूप में श्री रामराजा सरकार की नगरी पर्यटक स्थल ओरछा, ओरछा सफारी, बुन्देलखण्ड का पावन तीर्थ अछरू माता मंदिर, जैन तीर्थ पपौरा जी इत्यादि स्थित हैं। इन पावन तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों पर हजारो-लाखों की संख्या में पर्यटक एवं श्रद्धालु आते हैं। यह मार्ग दो राष्ट्रीय राजमार्गों को आपस में जोड़ता है जिस कारण दिल्ली की ओर से आने वाले और दक्षिण की ओर जाने वाले यातायात की दूरी में लगभग 50 किलोमीटर की कमी आयेगी जिससे ईधन की खपत कम होगी और पर्यावरण को भी इसका लाभ मिलेगा। उक्त मार्ग क्षेत्र की आवागमन सुविधा, आर्थिक गतिविधियों एवं पर्यटन विकास को प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित करेगा।
इसलिए निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर के इस टू-लेन मार्ग के स्थान पर फोरलेन मार्ग के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए इसकी स्वीकृति प्रदान करने तथा परियोजना की वर्तमान स्थिति/प्रगति से अवगत करने का कष्ट करें।
गौरतलब है कि भाजपा नेता विकास यादव की मांग पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है।