10 फरवरी की प्रमुख खबरें
अंतरराष्ट्रीय / राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से टेलीफोन पर बातचीत की. इस दौरान, दोनों नेताओं ने सितंबर 2025 में वाराणसी में अपनी पिछली मुलाकात के बाद से व्यापक द्विपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की, जिसमें विकास साझेदारी, क्षमता निर्माण और जन-केंद्रित संबंधों को और मजबूत करने पर ज़ोर दिया गया.

पीएमओ ने सोमवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है. पीएमओ के मुताबिक, उन्होंने दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए भारत और मॉरीशस के बीच समृद्ध रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी साझी प्रतिबद्धता दोहराई.

प्रधानमंत्री मोदी ने विजन महासागर, भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और ग्लोबल साउथ के प्रति साझी प्रतिबद्धता के अनुरूप मॉरीशस की विकास प्राथमिकताओं के लिए भारत के निरंतर समर्थन को दोहराया.

राज्य / नीति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में हुई. मंत्रि-परिषद द्वारा वर्ष 2026-27 से वर्ष 2030-31 तक जनजातीय कार्य और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की निरंतरता के लिए 7,133 करोड़ 17 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है.

स्वीकृति अनुसार जनजातीय कार्य विभाग की पीवीटीजी आहार अनुदान योजना के लिए 2,350 करोड़ रूपये, एकीकृत छात्रावास योजना के लिए 1,703 करोड़ 15 लाख रूपये, सीएम राइज विद्यालय योजना के लिए 1,416 करोड़ 91 लाख रूपये, आवास सहायता योजना के लिए 1,110 करोड़ रूपये के साथ ही माध्यमिक शिक्षा मण्डल को शुल्क की प्रतिपूर्ति, अनुसूचित जाति जनजाति के अभ्‍यार्थियों को छात्रवृत्ति, कक्षा-9वीं की छात्रवृत्ति के लिए 522 करोड़ 8 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की गयी है.

बैठक में अतिरिक्त महिला एवं बाल विकास की मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना के लिए 31 करोड़ 3 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की गयी है.

शिक्षा / सामाजिक

प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आज से प्रारंभ हो गई हैं. प्रदेशभर में प्रशासन ने परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं. वहीं सोशल मीडिया पर फर्जी पेपर फैलाने वाले साइबर ठग सक्रिय हैं. प्रशासन ने छात्रों से सतर्क रहने की अपील की है.

पीथमपुर के नालछा ब्लॉक में 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के लिए कुल 13 केंद्र निर्धारित किए गए हैं. इस वर्ष परीक्षा के समय में परिवर्तन करते हुए इसे सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रखा गया है.

शहर के परीक्षा केंद्रों पर 10वीं कक्षा के लगभग 4,159 विद्यार्थी और 12वीं के 6,630 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं, जिससे पीथमपुर ब्लॉक में कुल 10,789 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में भाग ले रहे हैं.

विद्यार्थियों के अनुसार, इस वर्ष प्रश्नपत्र न तो बहुत कठिन है और न ही बहुत सरल, परीक्षा केंद्रों पर स्टॉफ और अन्य व्यवस्थाएं अच्छी हैं, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है.

पुलिस / अपराध

बुरहानपुर के खकनार में पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार के निर्देश पर पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और तस्करी में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में बड़ी सफलता हासिल की है.

इस कार्रवाई में बुरहानपुर पुलिस ने एक लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को दबोचा है. थाना STF भोपाल के अपराध क्र. 47/25 के तहत धारा 25(6), 25(7), 25(8) आर्म्स एक्ट में फरार चल रहे दो आरोपियों शेरसिंह और सरताज को खकनार पुलिस ने कलाल धर्मशाला डोईफोडिया से गिरफ्तार किया.

दोनों पर 30,000 रुपये का इनाम घोषित था.

अपराध / घटना

गुना कैंट थाना क्षेत्र के मावन–महू खान मार्ग पर सोमवार को जली हुई अवस्था में मिले युवक विकास रघुवंशी की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. गंभीर हालत के चलते उसे ग्वालियर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.

इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर और अनेक सवाल खड़े कर दिए हैं. आपको बता दें की विकास रघुवंशी, जो सेमरा गांव का मूल निवासी था और वर्तमान में साईं सिटी कॉलोनी में रह रहा था, सोमवार सुबह घर से बाल कटवाने की बात कहकर निकला था.

कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उसे महू खान के पास सड़क किनारे बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में पाया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह 90 प्रतिशत से अधिक झुलस चुका था.