नो काफिला, नो वीआईपी कल्चर: पीएम मोदी की सादगी और सीएम मोहन के विज़न से त्योंथर में 1600 मीटर मार्ग का भूमि पूजन

त्यौंथर

वैश्विक आर्थिक संकट के बीच राष्ट्रीय संसाधनों की बचत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया 7 सूत्रीय राष्ट्रीय आह्वान का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। त्योंथर विधानसभा क्षेत्र में इसका एक अनुकरणीय उदाहरण सामने आया है, जहां सादगी और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल पेश की गई।

भाजपा विधायक श्री सिद्धार्थ तिवारी (राज) ने प्रधानमंत्री के 'ईंधन बचत, वाहनों के सीमित उपयोग व सादगीपूर्ण जीवनशैली' के संदेश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विकासवादी विज़न को आत्मसात करते हुए एक महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत की। विधायक तिवारी ने बिना किसी वीआईपी तड़क-भड़क और भारी-भरकम काफिले के, अत्यंत सादगीपूर्ण माहौल में त्योंथर उपजेल पहुंच मार्ग (लंबाई 1600 मीटर) का भव्य भूमि पूजन किया।

नो वीआईपी कल्चर: सीधे जनता के बीच पहुंचे विधायक

प्रधानमंत्री के संकल्प को दोहराते हुए विधायक श्री सिद्धार्थ तिवारी कार्यक्रम स्थल तक बिना किसी बड़े काफिले के पहुंचे। पीएम मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत और गाड़ियों का सीमित उपयोग करने की सीख का सम्मान करते हुए इस आयोजन को मितव्ययी और सादगीपूर्ण रखा गया।

इस अवसर पर उपस्थित क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक सिद्धार्थ तिवारी (राज) ने कहा, "आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सामने ईंधन बचाने और राष्ट्रीय संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करने का जो आह्वान किया है, उसे निभाना हम सभी का राष्ट्र-धर्म है। प्रधानमंत्री जी ने अपने काफिले को आधा करके जो शुरुआत की है, उसी प्रेरणा के साथ आज त्योंथर में यह जनहित का कार्य शुरू किया गया है।"

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में हमारी डबल इंजन सरकार त्योंथर के कोने-कोने तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह 1600 मीटर लंबा पहुंच मार्ग उपजेल क्षेत्र और आस-पास के लोगों के आवागमन को सुगम बनाएगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद त्योंथर की अध्यक्षा कृष्णावती विद्या सागर शुक्ला ने की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष घनश्याम यादव, समीर सिंह, वेद प्रकाश मिश्रा, सार्वेंद्र शर्मा, कौशलेश द्विवेदी, गंगा द्विवेदी, विद्या सागर शुक्ला, डॉ. अनिल तिवारी, तुलाराम पाठक, कालीचरण मिश्रा, मोहन पाठक, माणिक केसरवानी, माधव दुबे, गोपाल अमरनाथ सोनी, सतीष तिवारी, डॉ. राजेश यादव, मोहन लाल प्रजापति, गोपाल तिवारी समेत भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध जन और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।