गुलाबगंज: ग्रीन पार्क कॉलोनी में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी रेखा दीदी ने जीवन में सकारात्मक्ता और समृद्धि लाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि नए साल में खुशहाली के लिए संकल्प शक्ति को मजबूत और सकारात्मक रखना अत्यंत आवश्यक है।

रेखा दीदी ने व्यक्त किया कि हर वर्ष की शुरुआत में हम सभी कई शुभ संकल्प लेते हैं, लेकिन नकारात्मक या कमजोर संकल्प हमारे व्यक्तित्व और जीवन की प्रगति में बाधा उत्पन्न करते हैं। इसलिए, हमें अपने विचारों और संकल्पों को लगातार जांचते रहना चाहिए, ताकि वे शुभ और सकारात्मक रहें।

उन्होंने यह भी कहा कि मनुष्य मस्तिष्क पर हर मिनट हजारों संकल्प आते-जाते हैं, और इन पर नियंत्रण रखना आवश्यक है। अच्छी, श्रेष्ठ और स्नेह-युक्त संकल्प अधिक से अधिक मन-बुद्धि में चलें, इसके लिए हमें अपने मन को सरल, मजबूत और पवित्र बनाना होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित ब्रह्माकुमारी रुक्मणी बहन ने कहा कि मन के संकल्पों पर नियंत्रण होना चाहिए ताकि व्यर्थ संकल्पों को आने से रोका जा सके। यह भी जरूरी है कि हम सकारात्मक बातें सोचें, जिससे हमारे संकल्प समर्थ और श्रेष्ठ बनें।

नायब तहसीलदार राजेंद्र सेन ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रामस्वरूप चौकसे, राजेंद्र सेठ, सचिन यादव, राजकुमार, अरुण खैरा, और विवेक जैन भी उपस्थित रहे।

अंत में, नंदिनी बहन ने मेडिटेशन का सत्र आयोजित किया। उन्होंने बताया कि मेडिटेशन के माध्यम से मन के संकल्पों पर नियंत्रण पाया जा सकता है और नकारात्मकता को सकारात्मकता में बदला जा सकता है। वर्तमान में, मेडिटेशन हर व्यक्ति की आवश्यकता बन गया है।