अनूपपुर: जैतहरी वन परिक्षेत्र के गढ़ियाटोला बीट के जंगल में अवैध रेत खनन का मामला सामने आया है। रविवार को वन विभाग की टीम ने जंगल के अंदर नाला से रेत खनन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर जप्त कर लिया। इस दौरान ट्रैक्टर चालक और मजदूर मौके से फरार हो गए।

वन परिक्षेत्राधिकारी जैतहरी विवेक मिश्रा ने जानकारी दी कि रविवार की दोपहर को गढ़ियाटोला बीट के कक्ष क्रमांक आर,एफ,322 खोरीबाबा जंगल के पास नाला से कुछ मजदूर फावड़ा और तसला की मदद से अवैध रूप से रेत खनन कर रहे थे। मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर वन विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई की।

वन विभाग के परिक्षेत्र सहायक वेंकटनगर संतोष कुमार श्रीवास्तव और गढ़ियाटोला वनरक्षक नरेंद्र कुमार पटेल ने सुरक्षाश्रमिकों के साथ मौके पर पहुंचकर देखा कि मजदूर रेत को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भर रहे थे। वन कर्मचारियों को देखते ही मजदूर और ट्रैक्टर चालक भाग गए।

वन विभाग ने मौके से रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को और वहां पड़े फावड़ा और तसला को जप्त कर लिया है। इस मामले में वन अपराध के तहत प्रकरण दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को वेंकटनगर परिसर में रखा गया है।

वन विभाग की टीम अब ट्रैक्टर चालक और मालिक की तलाश में जुटी है.