टीकमगढ़: जिले के ग्राम जसवंत नगर (अस्पताल चौराहे) के ग्रामीणों ने गोचर और वन भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने तख्तियां लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

ओबीसी महासभा के जिला प्रभारी रविन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि गांव की गोचर भूमि, शमशान भूमि और वन भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। यह अतिक्रमण लगभग 100 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर फैला हुआ है।

रविन्द्र लोधी ने आरोप लगाया कि गांव के दबंग और राजनैतिक प्रभावशाली लोग वन विभाग के अधिकारियों से मिलकर अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। वन भूमि के हजारों सागौन, सेजा, महुआ और छेवले के पेड़ काटकर कृषि कार्य किया जा रहा है।

ग्रामीणों को इस अवैध कब्जे के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गायों के लिए गोचर भूमि नहीं बची है, जिससे मवेशियों को चरने के लिए जगह नहीं मिल रही है। अंतिम संस्कार के लिए भी मुक्तिधाम उपलब्ध नहीं है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है और सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे धरना जारी रखेंगे और अपनी आवाज को और ऊंचा करेंगे।

इस मामले में जिला प्रशासन का अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है।