नगरीय क्षेत्र की मुख्य सड़क पर फुटपाथी दुकानों का अतिक्रमण, आवागमन बुरी तरह प्रभावित
रहली — नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में फुटपाथी दुकानों द्वारा किए जा रहे अनर्गल अतिक्रमण से आमजन का आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि दुकानदार अपनी दुकानों को प्रतिदिन लगभग 10-10 फुट तक मुख्य सड़क की ओर बढ़ाकर संचालित कर रहे हैं, जिससे सड़क संकरी हो गई है और यातायात बाधित हो रहा है।
राजीव मंच से लेकर बजरिया तक का मार्ग नगर की सबसे व्यस्त सड़कों में शुमार है। इसी सड़क से होकर नगर के कई वार्डों के लोग आवागमन करते हैं और पूरा बाजार इसी मार्ग पर निर्भर है। बावजूद इसके, दुकानदारों द्वारा सड़क पर किए गए अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थिति उस समय और विकट हो जाती है जब समीप स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला एवं कन्या माध्यमिक शाला में छुट्टी का समय होता है। शाम के वक्त विद्यार्थियों और अभिभावकों की भीड़ के चलते सड़क पर पैर रखने तक की जगह नहीं बचती, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि संबंधित अधिकारी समय रहते इन फुटपाथी दुकानदारों के अतिक्रमण पर संज्ञान नहीं लेते, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और बढ़कर बीच सड़क तक पहुंच सकती है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप होने की नौबत आ सकती है। अतिक्रमण के इस पूरे कृत्य से आमजन को रोजमर्रा की आवाजाही में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
Continue With Google
Comments (1)
नगरीय क्षेत्र की मुख्य सड़क पर फुटपाथी दुकानों का अतिक्रमण, आवागमन बुरी तरह प्रभावित