राजघाट में नर्मदा नदी में डूबा 16 वर्षीय किशोर: दत्त मंदिर के पास स्नान कर रहा था; दोस्तों के सामने गहरे पानी में समाया
बड़वानी शहर के समीप नर्मदा तट राजघाट पर मंगलवार शाम एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चांदशाह मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय अमान पुत्र रफीक मोहम्मद के रूप में हुई है। अमान अपने दोस्तों के साथ नर्मदा स्नान करने गया था, तभी यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, अमान मंगलवार शाम को अपने दो दोस्तों के साथ राजघाट पहुंचा था। तीनों दत्त मंदिर के सामने नर्मदा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अमान अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। अमान को डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया। घाट पर मौजूद लोगों, नाविकों और एसडीआरएफ दल ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की। करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद किशोर दत्त मंदिर के सामने गहरे पानी में नजर आया।प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, नाविकों और एसडीआरएफ की टीम ने अमान को नदी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसके पेट में काफी पानी भर चुका था और वह पूरी तरह अचेत हो चुका था।अमान को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग अस्पताल पहुंच गए। कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी कक्ष में रखवाया गया है। वर्तमान में राजघाट पर नर्मदा का बैकवॉटर लगभग 129 मीटर पर बना हुआ है, जिसके कारण नए घाट की केवल ऊपरी एक सीढ़ी ही दिखाई दे रही है, जबकि दत्त मंदिर के सामने अब भी गहरा जलभराव है।
Continue With Google