छतरपुर (RAJJAN PARMAR): देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट को लेकर बिजावर क्षेत्र में पिछले छह दिनों से चला आ रहा तनाव अब धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है।
गुरुवार को ग्राम ढौंढन और पलकौंहा के ग्रामीण अपनी व्यथा लेकर बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू के निवास पर पहुंचे। ग्रामीणों ने विधायक के सामने साफ कहा कि वे केवल अपने हक और अधिकारों की मांग कर रहे थे, लेकिन कुछ स्वार्थी तत्वों ने उन्हें गुमराह कर हिंसा और पथराव की ओर धकेल दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम का खामियाजा सीधे-साधे आदिवासी परिवारों को भुगतना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि निर्दोष ग्रामीणों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
इस दौरान विधायक राजेश शुक्ला बबलू ने ग्रामीणों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता के बाद अब क्षेत्र में शांति और सामान्य स्थिति लौटती दिख रही है।

Continue With Google
Comments (0)