*स्टार पावर और क्षेत्रीय नेतृत्व की टक्कर, जनता के सामने दो धड़े*


*भरी कुर्सी के समर्थन में फिल्मी सितारे और पारिवारिक प्रभाव से मतदान और समर्थन जुटाने में जुटे*

*खाली कुर्सी के पक्ष में विधायक बृज बिहारी पटेरिया अपने क्षेत्रीय जनाधार और अनुभव का प्रदर्शन करेंगे*

विशेष स्टोरी सतीष सेन सागर मध्य प्रदेश 


देवरी नगर पालिका चुनाव में सियासी तस्वीर अब दो स्पष्ट धड़ों में बंटी हुई नजर आ रही है। एक ओर “भरी कुर्सी” के पक्ष में बड़े फिल्मी सितारे और पारिवारिक समर्थक सक्रिय रूप से प्रचार में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर “खाली कुर्सी” के समर्थन में देवरी विधानसभा के विधायक बृज बिहारी पटेरिया आज 16 जनवरी को रोड शो करेंगे।

जानकारी के अनुसार विधायक पटेरिया, जो भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता माने जाते हैं, ने खुलकर खाली कुर्सी के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने का निर्णय लिया है। उनका रोड शो दोपहर 1:30 बजे स्वामी विवेकानंद चौराहा से शुरू होकर विभिन्न वार्डों में जाएगा। इस दौरान वे जनता से मतदान की अपील करेंगे और स्थानीय जनसमूह के बीच अपने राजनीतिक अनुभव और क्षेत्रीय पकड़ का प्रभाव दिखाएंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह चुनाव अब केवल नगर पालिका अध्यक्ष पद तक सीमित नहीं रहा। इसमें फिल्मी सितारों और पारिवारिक प्रभाव बनाम क्षेत्रीय नेतृत्व और संगठनात्मक शक्ति की सीधी टक्कर दिखाई दे रही है। “भरी कुर्सी” का पक्ष स्टार पावर के सहारे मजबूत करने में जुटा है, जबकि “खाली कुर्सी” अपने क्षेत्रीय जनाधार और अनुभव के दम पर जनमत तैयार करने का प्रयास कर रहा है।

इस चुनावी मुकाबले से देवरी नगर का राजनीतिक माहौल और गर्माया हुआ नजर आ रहा है।