विश्व योग दिवस पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने किया सामूहिक योगाभ्यास*

रीवा, 21 जून 2026। जिले में 12वां विश्व योग दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स रीवा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने किया। इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, स्थानीय नागरिक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कैलाश जाटव, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद, आईजी गौरव राजपूत, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह, जिला पंचायत सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर एवं अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस दौरान कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने की कला है और इसे हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महर्षि पतंजलि ने विश्व को योग का ज्ञान दिया, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2014 के बाद योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज चीन, जापान, यूरोप और अमेरिका सहित दुनिया के अनेक देशों में लोग योग को अपना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि योग और ध्यान मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए निकालना चाहिए। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उप मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वयं नियमित योग करने तथा दूसरों को भी योग से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति सदैव विश्व शांति और मानव कल्याण का संदेश देती रही है तथा योग उसी परंपरा का महत्वपूर्ण माध्यम है।