शहडोल
 जनपद पंचायत ब्यौहारी की बहुचर्चित ग्राम पंचायत साखी में निर्माणाधीन पीसीसी सड़क की कथित अनियमितताओं को उजागर करना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। सड़क निर्माण की फोटो और वीडियो बनाकर समाचार प्रकाशित करने वाले दैनिक हरिभूमि के पत्रकार सूर्यभान यादव को फोन पर अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है।
पीड़ित पत्रकार द्वारा थाना ब्यौहारी में शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद तीन दिन तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के सदस्य आक्रोशित हो उठे। संघ के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने एकजुट होकर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी जियाउलहक को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि ग्राम साखी के वार्ड क्रमांक-1 में सूसामटी के सामने से अंजनी बैस के घर तक बन रही पीसीसी सड़क में गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए थे। आरोप है कि सड़क निर्धारित मानकों और ड्राइंग-डिजाइन के विपरीत बनाई जा रही है। इसी की पड़ताल करते हुए पत्रकार सूर्यभान यादव ने फोटो और वीडियो बनाकर खबर प्रकाशित की थी।
आरोप है कि खबर प्रकाशित होने के बाद नीलेश सोनी ने फोन कर पत्रकार के साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वहीं रामराज गुप्ता पर भी फोन कर अपमानित करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पत्रकार ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
पत्रकार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

थाना प्रभारी का बयान
"आप लोग पावती ले लीजिए, हम कार्रवाई करेंगे।" — जियाउलहक, नगर निरीक्षक, ब्यौहारी
सवाल यह है कि भ्रष्टाचार की तस्वीर दिखाने वाले पत्रकार को धमकाने वालों पर आखिर कार्रवाई कब होगी?