39 वर्षों की सेवा के बाद प्रधान पाठक संजय कुमार बामनिया को भावभीनी विदाई, शिक्षा जगत ने उनकी सेवाओं का किया सम्मान

कट्ठीवाड़ा। शासकीय माध्यमिक विद्यालय काबरीसेल, संकुल केंद्र काबरीसेल में प्रधान पाठक संजय कुमार बामनिया के 39 वर्षों की गौरवपूर्ण शासकीय सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, कर्मचारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
 

खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह जादव ने कहा कि श्री बामनिया ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए सभी शासकीय दायित्वों का समय पर निर्वहन किया। उनके जैसे समर्पित प्रधान पाठक की कमी हमेशा महसूस होगी।
 

खंड स्रोत समन्वयक शैलेंद्र सिंह डावर ने उन्हें समय का पाबंद, सरल, सौम्य और विद्यालय हित में सदैव समर्पित अधिकारी बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच उनका व्यवहार प्रेरणादायी रहा।
 

संकुल प्राचार्य सरदार सिंह कनेश ने कहा कि श्री बामनिया का मार्गदर्शन हमेशा शिक्षकों और विद्यालय परिवार को मिलता रहा है। वहीं सरपंच भारचंद भूरिया, शिक्षक हैदर अली सहित अन्य वक्ताओं ने भी उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
अपने उद्बोधन में श्री बामनिया ने कहा कि उन्हें पूरे सेवाकाल में अधिकारियों, सहकर्मियों और विद्यार्थियों का भरपूर सहयोग एवं स्नेह मिला, जिसके कारण वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके। उन्होंने विद्यालय की निरंतर प्रगति और शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियों की कामना की।

 

श्री बामनिया ने अपने सेवाकाल में मंडल संयोजक, केंद्र अध्यक्ष तथा खंड स्रोत समन्वयक सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हुए विकासखंड चंद्रशेखर आज़ाद नगर (भाबरा) और कट्ठीवाड़ा में उल्लेखनीय सेवाएं दीं।
 

समारोह के दौरान विद्यालय परिवार ने उन्हें स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। अंत में शिक्षा दमिति के मुकेश भूरिया, जनशिक्षक धर्मेंद्र आवासिया, राकेश देवड़ा, समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों एवं उपस्थित जनों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भावपूर्ण विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन जनशिक्षक शहाबुद्दीन शेख ने किया।