सरदारपुर। भारतीय किसान संघ द्वारा किसानों की विभिन्न मांगो को लेकर मंगलवार को सरदारपुर में एसडीएम सलोनी अग्रवाल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा गया। किसान संघ ने ज्ञापन में बताया कि गेंहू उपार्जन हेतु खरीदी केंद्र अधिक दूर होने से किसानों को अतिरिक्त खर्च का वहन करना पड़ता। तिरला सोसायटी क्षेत्र के किसानों की उपज पिपरनी बीते वर्ष तोली गई थी इसलिए इस वर्ष तिरला में ही उपज तोलने की मांग रखी गई।
वही किसान संघ द्वारा ज्ञापन के माध्यम से उपार्जन केंद्रों पर तोल कांटो की संख्या बढ़ाने, जिन किसानों की फसल विद्युत फॉल्ट से जली है उन्हें लागत के अनुसार मुआवजा देने, विद्युत मंडल को खेतों में तार व पोल की व्यवस्था सही करने के निर्देश देने, गेंहू खरीदी 1 अप्रैल से की जा रही है इसलिए सोसायटी में ऋण भुगतान की अंतिम तिथि 28 मार्च से बढ़ाकर 30 अप्रैल करने तथा दसाई क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफार्मर से ऑइल चोरी होने पर विभाग द्वारा ऑइल की व्यवस्था करने सहित विभिन्न मांगे रखी गई।
इस दौरान किसान संघ तहसील अध्यक्ष दिनेश पाटीदार, मंत्री रूपचंद कुमावत, लक्ष्मण सिंह राठौड़, राधेश्याम बड़गोता, कन्हैयालाल, जगदीश, शंकरलाल, अमरसिंह, पुंजा भाई, ऊँकार, हेमा, कैलाश, रमेश सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Continue With Google
Comments (0)