नफीस खान इछावर (सीहोर)
सीहोर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति 'दिशा' की बैठक हुई। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में आवास प्लस योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। बताया गया कि जिले में इस योजना के तहत कुल 32,788 आवासों का लक्ष्य था, जिनमें से 32,479 स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से 14,449 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। वर्ष 2025-26 के लिए 17,723 आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें से12,951 को स्वीकृति मिल चुकी है।
SHG की भी समीक्षा हुई
स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के गठन और उनकी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। जिले में अब तक 9,073 स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं, जिनसे 1.06 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। इसके अतिरिक्त, 797 ग्राम संगठन और 35 क्लस्टर स्तरीय संघ (सीएलएफ) भी गठित किए गए हैं। इन समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। 'लखपति दीदी' अभियान के तहत 23,598 महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लक्ष्य था, जिसमें से लगभग 22,988 महिलाएं यह लक्ष्य प्राप्त कर चुकी हैं।
111 नई सड़कों के प्रस्ताव तैयार
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की प्रगति भी बैठक में प्रस्तुत की गई। जिले में इस योजना के तहत अब तक 392 सड़कें स्वीकृत की गई हैं, जिनकी कुल लंबाई लगभग 1,886 किलोमीटर है और लागत 698 करोड़ रुपए से अधिक है। इन सभी स्वीकृत सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है।
इसके अतिरिक्त, 30 पुलों का निर्माण भी किया गया है, जिन पर लगभग 75 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। आगामी चरण में पीएमजीएसवाई-4 के तहत जिले में 111 नई सड़कों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इनकी कुल लंबाई लगभग 265 किलोमीटर होगी और इनसे 122 बस्तियों को लाभ मिलेगा।

Continue With Google
Comments (0)