वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर पटवा का निधन: निडर पत्रकारिता के प्रतीक

सागर: जिले के प्रतिष्ठित पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता नंदकिशोर पटवा का मंगलवार शाम 6 बजे निधन हो गया। परिवार के साथ सागर में रहते हुए उन्हें अचानक सीने में दर्द हुआ और खून की उल्टी होने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।

नंदकिशोर पटवा ने समाज और पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने योगदान से एक अलग पहचान बनाई। वे पुलिस विभाग एवं पुलिस कल्याण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संस्थापक रहे। दैनिक 'सिद्दी सरकार' और 'क्राइम रिपोर्टर' से जुड़े रहते हुए, उन्होंने अपनी कलम से विट्रिश शासन के काले कानून, इंडियन पैनल एक्ट 1861 पुलिस एक्ट, को समाप्त करने की पुरजोर मांग की और विभिन्न राज्यों में प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

पटवा जी की पहचान निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता के लिए थी। वे जो सच मानते, उसे बिना किसी दबाव के लिखते थे। उनका फेसबुक प्रोफाइल भी उनकी निर्भीक पत्रकारिता का प्रतिबिंब था।

बुधवार सुबह 10 बजे उनके निज निवास खिमलासा से अंतिम यात्रा मुक्तिधाम के लिए निकाली गई। इस यात्रा में खिमलासा के गणमान्य नागरिक और पत्रकार साथी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मुक्तिधाम में उनकी निडर पत्रकारिता और समाजहित के कार्यों की गहन चर्चा हुई।

प्रतिपाल राजपूत, बीना/खिमलासा