एसडीएम की अध्यक्षता में संपन्न हुई शांति समिति की बैठक

मुंगावली: आगामी बकरा ईद के त्योहार को नगर में शांति, आपसी सौहार्द और गरिमापूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से सोमवार को स्थानीय एम. एल. जैन धर्मशाला में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम इसरार खान ने की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने त्योहार के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की।

प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर सख्त निर्देश

एसडीएम इसरार खान ने बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी परिस्थिति में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी से सरकार और प्रशासन के नियमों का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

साफ-सफाई और वेस्टेज डिस्पोजल पर विशेष ध्यान

बैठक में नगर परिषद के कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि ईद के दौरान नगर में पानी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट के निपटान के लिए नगर परिषद को विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए ताकि शहर में गंदगी और बदबू न फैले और स्वच्छता बनी रहे।

बिजली व्यवस्था रहेगी सुचारू

त्योहार के दौरान विद्युत कटौती न हो, इसके लिए विद्युत वितरण कंपनी मुंगावली के एई मुकेश जाटव को बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए गए। विभाग को निर्देशित किया गया कि त्योहार के दिनों में फॉल्ट या अन्य तकनीकी समस्याओं को तुरंत दूर करने के लिए टीमें अलर्ट पर रहें।

बैठक में मुख्य रूप से नायाब तहसीलदार अनीस धाकड़, थाना प्रभारी अरविंद सिंह कछुवाह, विद्युत कंपनी के एई मुकेश जाटव, नगर परिषद के कर्मचारी, पशु चिकित्सक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इसके साथ ही नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी बैठक में हिस्सा लेकर त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का भरोसा दिलाया।