सागर जिला ब्यूरो चीफ बृजेश गौतम
*सीहोरा में पुलिस चौकी के नए भवन का मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया भूमि पूजन*
*मजबूत पुलिस व्यवस्था से ही होगा सुरक्षित समाज:- मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बोले*
*भाजपा सरकार ने पुलिस को बनाया अधिक शक्तिशाली और संसाधन सम्पन्न, क्षेत्रवासियों से किया पुलिस का सहयोग करने का आह्वान*
सागर दिनांक 29 मार्च 2026:सुरखी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सीहोरा में मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पुलिस चौकी के नए भवन का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मजबूत और सुदृढ़ पुलिस व्यवस्था किसी भी समाज की सुरक्षा और शांति के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि पुलिस हमेशा जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर रहती है, लेकिन कई बार यह देखा गया है कि हमारे पुलिसकर्मी सीमित संसाधनों और सुविधाओं के बीच भी पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में सरकार का प्रयास है कि पुलिस को बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे वे अपने कर्तव्यों का पालन और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा नया भवन
मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि अब तक सीहोरा पुलिस चौकी जिस भवन में संचालित हो रही थी, वह पुलिस कार्यों के लिए पर्याप्त नहीं था। इसी को ध्यान में रखते हुए अब सीहोरा में नया भवन तैयार किया जाएगा, जिसमें पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इससे पुलिसकर्मियों को काम करने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था भी अधिक मजबूत होगी।
पुलिस और जनता के सहयोग से ही बनेगा सुरक्षित समाज
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि पुलिस हमारे समाज के रक्षक और पहरेदार हैं। उनकी जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखना और लोगों की सुरक्षा करना है। इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह पुलिस का सहयोग करे और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
करोडों के सडक मार्ग किये स्वीकृत
मंत्री श्री राजपूत ने इस अवसर पर सीहोरा वासियों के लिए बडी सौगात देते हुए सीहोरा से खेरापति भटुआ मार्ग की स्वीकृति देते हुए घोषणा की साढे तीन करोड की लागत से यह मार्ग बनाया जायेगा जिससे सभी ग्रामीण जनों को आवागमन में फायदा पहुंचेगा इसके साथ ही उन्होंने सीहोरा से रौहाजार टोला मार्ग तथा सीहोरा से भटिया टोला मार्ग की घोषणा की। जिससे ग्रामवासियों में खुषी की लहर है।
भाजपा सरकार ने पुलिस को बनाया अधिक सक्षम
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश में पुलिस बल को आधुनिक संसाधन, तकनीकी सुविधाएं और बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे पुलिस और अधिक प्रभावी ढंग से जनता की सेवा कर सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के हर क्षेत्र में सुरक्षा, विकास और सुशासन की मजबूत व्यवस्था स्थापित हो। इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
सीहोरा में पुलिस चौकी के नए भवन के निर्माण की पहल से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इस पहल के लिए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष लोकमन लोधी, अरविंद सिंह ठाकुर टिंकु राजा, रामकुमार यादव, बलराम तिवारी, राकेष दुबे, अजब सिंह यादव, नीरज सिंह ठाकुर नयाखेडा, संदीप ठाकुर, अनिल तिवारी, जितेन्द्र सिंह, सनिल सिंह राजपूत, अंबिका कुर्मी, जगदीष साहू, पप्पु फुषकेले, कमल कुर्मी, अनिल पीपरा, अति. पुलिस अधिक्षक लोकेष सिन्हा सहित पुलिय अधिकारी एवं आसपास क्षेत्र के जनप्रतिनिधि बडी संख्या में उपस्थित थे।

Continue With Google
Comments (0)