कटनी: हर साल की तरह इस वर्ष भी रमज़ान के पवित्र महीने के 17वें रोज़े को सिलसिला ए आलिया नियाज़ीया की ओर से नगर निगम के सामने वाली गली में स्थित बैंड हाॅल, कटनी में रोज़ा इफ्तार का आयोजन किया गया। इस्लाम धर्म में पवित्र रमज़ान महीने का विशेष महत्व है, जिसमें लोग रोज़े रखकर अल्लाह पाक की इबादत करते हैं।

17 रमज़ान, शनिवार को शाम 5:45 बजे नज़्र (फातेहा) हज़रत सुल्तानुल मशाइख़् मेहबूब ए इलाही हज़रत ख्वाजा सैय्यद निज़ामुदीन मुहम्मद बुखारी बदायूनी चिश्ती रदी. का शाही दस्तरख्वान पेश किया गया। इस अवसर पर देश में खुशहाली और शांति की दुआएं मांगी गईं। नज़्र (फातेहा) के बाद उचित समय पर इफ्तार हुआ और नमाज़ अदा की गई।

रोज़ा इफ्तार में बड़ी संख्या में रोज़दार शामिल हुए। यह आयोजन पीरे तरिकत हज़रत किब्ला ख्वाजा मौलवी शाह ग़ुलाम मुस्तफा क़ादरी चिश्ती निज़ामी नियाज़ी मद्दाज़िलाहुलआली सज्जादानशीन दरगाह हज़रत भाईजान सरकार रदी. की सरपरस्ती में हुआ। इस भव्य रोज़ा इफ्तार में सभी धर्मों के लोग शामिल हुए।

माहे रमज़ानुल मुबारक के 17वें रोज़ा इफ्तार में कटनी सहित आस-पास के जिलों के लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह आयोजन धार्मिक सद्भावना और सामाजिक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण था।