केंद्रीय मंत्री सिंधिया और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया अदानी डिफेंस प्लांट का शिलान्यास
शिवपुरी/ग्वालियर/नई दिल्ली, 5 जुलाई, 2026: केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में शिवपुरी जिले में अदानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस द्वारा स्थापित किए जा रहे दक्षिण एशिया के निजी क्षेत्र के सबसे बड़े मिसाइल एवं एडवांस्ड डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग ईकोसिस्टम का शिलान्यास किया। यह परियोजना ₹2,500 करोड़ के निवेश से विकसित की जाएगी और ग्वालियर-चंबल अंचल को देश के अग्रणी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करेगी।
सिंधिया ने इसे राष्ट्रनिर्माण, राष्ट्रसेवा और राष्ट्रसुरक्षा के इतिहास में एक नया अध्याय और नया सवेरा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक गति से आगे बढ़ रहा है।
राष्ट्रीय लाभ के लिए रणनीतिक स्थिति
शिवपुरी के कोलारस क्षेत्र में स्थापित होने वाला यह डिफेंस कॉम्प्लेक्स कोटा कॉरिडोर एवं बॉम्बे-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट स्थित है, जो देशभर के सैन्य प्रतिष्ठानों तक रक्षा उपकरणों की तेज़ और प्रभावी आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।
इस परियोजना में आधुनिक मिसाइल प्रणालियों, प्रिसिजन-गाइडेड म्यूनिशन तथा अत्याधुनिक रक्षा प्रणालियों का निर्माण किया जाएगा, जिससे 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को बल मिलेगा।
5,000 रोजगार के अवसर और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा
इस परियोजना से लगभग 5,000 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही, ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के सैकड़ों सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुड़ेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को व्यापक लाभ मिलेगा।
शिवपुरी के विकास के लिए केंद्रीय मंत्री की मांगें
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष शिवपुरी के विकास से जुड़ी चार महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने शिवपुरी शहर के लिए ₹100 करोड़ लागत के सर्कुलर रोड की स्वीकृति, भगवान शिव की 108 फीट ऊंची प्रतिमा की स्थापना, राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी विंग की स्थापना और खोड़ में नवीन शासकीय महाविद्यालय की मांग की।
औद्योगिक विकास का नया अध्याय
सिंधिया ने कहा कि बदरवास की जैकेट निर्माण इकाई, गुना में सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट और अब शिवपुरी का डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग ईकोसिस्टम इस बात का प्रमाण हैं कि ग्वालियर-चंबल अंचल तेजी से मध्यभारत के सबसे बड़े औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है।
सिंधिया परिवार का ऐतिहासिक योगदान
सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी में नई रक्षा उत्पादन फैक्ट्री का शिलान्यास करना उनके लिए गर्व का विषय है, क्योंकि देश की रक्षा क्षमता को सशक्त बनाने की परंपरा सिंधिया परिवार की ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा रही है। उन्होंने महाराज महादजी सिंधिया और महाराजा जीवाजीराव सिंधिया के योगदान को भी रेखांकित किया।
Continue With Google
Comments (0)