कलेक्टर नीतू माथुर का सोरवा दौरा: टप्पा तहसील और खाद वितरण केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण
राजस्व कार्यों की समीक्षा, खाद वितरण में पारदर्शिता और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
रिपोर्टर : मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर।
जिले की कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने शुक्रवार को सोरवा स्थित टप्पा तहसील कार्यालय एवं आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था मर्यादित (खाद वितरण केंद्र) का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन कार्यप्रणाली, राजस्व प्रकरणों के निराकरण तथा खाद भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
टप्पा तहसील कार्यालय में कलेक्टर ने राजस्व अभिलेखों के संधारण, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा आम नागरिकों को दी जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
इसके बाद कलेक्टर श्रीमती माथुर ने सोरवा स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था मर्यादित केंद्र पहुंचकर खाद की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने वितरण रजिस्टर और उपलब्ध स्टॉक की जांच करते हुए निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए। साथ ही खाद वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा पात्र किसानों को बिना किसी परेशानी के समय पर खाद उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा, तहसीलदार श्रीमती सविता राठी, नायब तहसीलदार सुश्री मंजू डावर, नायब तहसीलदार सुश्री सरिता बालेचा सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)