इंदौर दूषित पानी से मौतों पर प्रदेशभर में शोक, बुधनी में महिलाओ ने दी श्रद्धांजलि
बुधनी: इंदौर में दूषित एवं सीवरेज मिश्रित पानी के सेवन से लगभग 18 लोगों की मौत और सैकड़ों लोगों के बीमार होने की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दुखद हादसे के बाद न केवल प्रदेश बल्कि देश के कई हिस्सों में लोग दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। अनेक स्थानों पर कैंडल व मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि दी जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ईश्वर से कामना की जा रही है। घटना के बाद प्रशासनिक लापरवाही को लेकर जनता में रोष देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में किसी भी प्रकार की चूक अस्वीकार्य है और इसके लिए जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसी क्रम में महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव श्रीमती कंचन शर्मा के नेतृत्व में बुधनी में कई महिलाएं हाथों में मोमबत्तियां लेकर नगर की प्रमुख सड़कों पर पैदल चलीं और शांतिपूर्ण कैंडल मार्च के माध्यम से इंदौर हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महिलाओं ने मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। प्रदेश की जनता यही प्रार्थना कर रही है कि भविष्य में किसी भी नागरिक को दूषित अथवा सीवरेज युक्त पानी के कारण अपनी जान न गंवानी पड़े और जनता स्वस्थ व सुरक्षित रहे।

Continue With Google
Comments (0)