ठेकेदार की लापरवाही और नगर पालिका की चुप्पी से रहवासी परेशान

टीकमगढ़। शहर में इन दिनों विकास कार्यों की तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब चमक रही है। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विकास की ऐसी तस्वीरें दिखाई जा रही हैं, मानो शहर की सड़कों पर आधुनिकता दौड़ रही हो। लेकिन हकीकत देखने के लिए सुभाषपुरम कॉलोनी की एक चक्कर लगाना काफी है, जहां विकास की रफ्तार लोगों के लिए मुसीबत बन गई है।

सिविल लाइन क्षेत्र में जिला जज निवास के पीछे स्थित सुभाषपुरम कॉलोनी में नई सीवर लाइन डाली जा रही है। सुनील भाई के मकान से लेकर डॉक्टर के बंगले, बबलू बुखारिया और रिटायर्ड सीओ विनोद जैन के मकान के आगे तक सड़क किनारे खुदाई कर पाइप तो डाल दिए गए, लेकिन उसके बाद मरम्मत करना शायद ठेकेदार भूल गया।

नतीजा यह है कि खुदाई से निकली काली मिट्टी अब पूरी सड़क पर फैल चुकी है। हल्की बारिश के बाद यह सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। हालत यह है कि वाहन तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं और बच्चों तथा बुजुर्गों के लिए घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही और नगर पालिका की उदासीनता ने उनकी परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। सवाल यह है कि यदि विकास कार्यों के बाद सड़कों को समय पर दुरुस्त नहीं किया जाएगा, तो ऐसे विकास का लाभ किसे मिलेगा?

कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका से तत्काल सड़क की मरम्मत, मिट्टी हटाने और आवागमन की व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया के विकास से ज्यादा जरूरत जमीन पर दिखने वाले विकास की है।