टीकमगढ़, * - टीकमगढ़ जिले के गोपालपुर-कारी हल्के में पदस्थ पटवारी अजय सूत्रकार को सागर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी किसान से जमीन के रास्ते का पट्टा बनाने के बदले कुल 15 हजार रुपये मांग रहा था।
*20 साल से जमीन पर काबिज किसान से मांगी रिश्वत*
फरियादी पुन आदिवासी, निवासी फुटेरी, पिछले 20 साल से अपनी जमीन पर काबिज है। पटवारी अजय सूत्रकार ने रास्ते का पट्टा बनाने के एवज में उससे 15 हजार रुपये की मांग की थी और लगातार रिश्वत देने का दबाव बना रहा था। परेशान होकर किसान ने इसकी शिकायत सागर लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज कराई।
*पंचायत भवन में बिछाया जाल*
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाने की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार फरियादी किसान तय रकम लेकर मंगलवार को ग्राम पंचायत गोपालपुर के पंचायत भवन पहुंचा। जैसे ही पटवारी ने शेष 10 हजार रुपये की रकम हाथ में ली, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके पर ही रासायनिक परीक्षण कराया गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
*पहले ले चुका था 5 हजार*
जांच में सामने आया कि आरोपी पटवारी पहले ही किसान से 5 हजार रुपये ले चुका था। मंगलवार को शेष 10 हजार रुपये लेते समय उसे गिरफ्तार किया गया।
*भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज*
लोकायुक्त अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कर आरोपी पटवारी अजय सूत्रकार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।
Continue With Google
Comments (0)