चायनीज मांझा बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में चरखियां जब्त, लार्डगंज और कोतवाली थाना पुलिस की कार्यवाही 


जिला कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन कर अवैध रूप से प्रतिबंधित चायनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ  पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना लार्डगंज पुलिस ने दो दुकानदारों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में चायनीज मांझा जब्त किया है। थाना प्रभारी लार्डगंज नवल सिंह आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार की रात भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि गली नंबर 4, उजारपुरवा स्थित राजा पतंग वाले की दुकान में प्रतिबंधित चायनीज मांझा बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जहां दुकान संचालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सुनील साहू निवासी उजारपुरवा बताया। तलाशी के दौरान उसकी दुकान से प्रतिबंधित चायनीज मांझा भारी मात्रा में बिक्री के लिए रखा हुआ मिला। जिसे पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया हैं। पूछताछ में सुनील साहू ने बताया कि उसने यह प्रतिबंधित चायनीज मांझा कोतवाली क्षेत्र स्थित अलीम पतंग दुकान के संचालक मोह. हिदायत से 7 हजार रुपये में खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र में अलीम पतंग दुकान पर भी दबिश दी, जहां मोह. हिदायत (50 वर्ष) निवासी हनुमानताल मिला। पूछताछ में उसने भी प्रतिबंधित चायनीज मांझा बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।