त्योंथर में किसानों का आक्रोश: एसडीएम कार्यालय घेराव और तालाबंदी की चेतावनी

त्योंथर — किसानों की समस्याओं के समाधान में प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ किसान संगठन ने 7 जुलाई 2026 को एसडीएम कार्यालय के घेराव और तालाबंदी का निर्णय लिया है। इस आंदोलन की सूचना कलेक्टर रीवा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) त्योंथर और तहसीलदार त्योंथर को ज्ञापन के माध्यम से दी गई है।

किसान संगठन का आरोप है कि पूर्व में प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापनों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है।

किसानों की प्रमुख मांगें:

  • ग्राम पंचायत बरेठी स्थित राइस मिल के ढहे शेड से प्रभावित मजदूरों और किसानों को मुआवजा दिलाना।
  • बरेठी पंचायत में कथित पंचायत टैक्स बकाया की वसूली।
  • बेलन नदी डीह-कोरांव मार्ग पर पुल निर्माण में भ्रष्टाचार की जांच।
  • किसानों के खेतों से ली गई मिट्टी का भुगतान।
  • अधिग्रहित भूमि का उचित मुआवजा और अतिरिक्त भूमि पर निर्माण कार्य पर रोक।
  • पावर ग्रिड परियोजना में किसानों के लिए स्पष्ट मुआवजा नीति लागू करना।

इसके अतिरिक्त, संगठन ने मांग की है कि जिनकी किसान आईडी नहीं बनी है या जो समिति का ऋण नहीं चुका सके हैं, उन्हें वेयरहाउस के माध्यम से खाद उपलब्ध कराई जाए और सभी पात्र किसानों को खाद वितरण सुनिश्चित किया जाए।

किसान संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 7 जुलाई 2026 तक उनकी सभी मांगों का निराकरण नहीं हुआ, तो उसी दिन एसडीएम कार्यालय का घेराव और तालाबंदी की जाएगी। इस दौरान उत्पन्न किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।