नवांकुर संस्था के तत्वावधान में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, युवाओं और ग्रामीणों ने किया योगाभ्यास

योग को दिनचर्या में अपनाने का लिया संकल्प

21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला रीवा के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था गोंदकला शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति द्वारा योग संगम कार्यक्रम का आयोजन सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोंदकला परिसर में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत गोंदकला के उपसरपंच विवेक पाण्डेय, भाजपा किसान मोर्चा मंडल गढ़ी के महामंत्री चेतनारायण मिश्रा, प्रस्फुटन समिति घटेहा के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह, सचिव सुनील कुमार विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, विजय द्विवेदी, शासकीय संविदाकार मनीष तिवारी, देव पाण्डेय, नितेश शुक्ला सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नवांकुर संस्था के सचिव इंजी. नीरज तिवारी ने योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
वहीं प्रस्फुटन समिति घटेहा के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योग जीवन के लिए उतना ही आवश्यक है जितना भोजन और पानी। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग संगम कार्यक्रम उत्साह, उमंग और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ।