आमला (बैतूल): यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर, मंगलवार को बैंक कर्मचारियों ने फाइव डे बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग के समर्थन में देशभर में प्रदर्शन किया। इसी क्रम में बैतूल जिले के आमला में भी बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की अगुवाई
खंडवा अंचल की बैतूल स्थानीय इकाई के नेतृत्व में बैंक ऑफ इंडिया आमला टाउन, केनरा बैंक आमला और बैंक ऑफ इंडिया कोठी बाजार के सामने प्रदर्शन और सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम यूएफबीयू खंडवा अंचल के अध्यक्ष कामरेड प्रमोद चतुर्वेदी और मध्य प्रदेश बैंक एम्प्लॉई यूनियन के जनरल सेक्रेटरी कामरेड वी. के. शर्मा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उत्साहपूर्ण सहभागिता
प्रदर्शन का नेतृत्व खंडवा अंचल के वाइस प्रेसिडेंट और MPBEA बैतूल के वाइस प्रेसिडेंट कामरेड मनोज वाधवा ने किया। इस दौरान मनोज वाधवा, राजेश, अभिलाष, पवन, गायत्री, निशा, कद्दू, लोकेश, नीलकंठ, नितेश, प्रीति, दीक्षा, अमोल, सनी चौहान, अक्षय, अजय, संतोष सहित अन्य साथी प्रदर्शन में शामिल हुए। ये सभी पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े हुए हैं।
सभा में प्रमुख मांगे
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बैंकिंग सेक्टर में पांच दिवसीय कार्यसप्ताह लागू करना आवश्यक है। इससे कर्मचारियों की कार्यदक्षता और सेवा गुणवत्ता में सुधार होगा और उनके मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वक्ताओं ने अन्य सरकारी सेवाओं की तरह बैंक कर्मचारियों को भी समान अधिकार और संतुलित कार्य समय की मांग की।
सरकार से अपील
यूएफबीयू ने केंद्र सरकार से अपील की कि बैंकिंग क्षेत्र में फाइव डे वीक को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।
गूंजे नारे
- “एक ही आवाज — फाइव डे बैंकिंग आज!”
- “समान अधिकार — दो दिन अवकाश हमारा अधिकार!”
- “संघर्ष से जीत — एकजुटता से बदलाव!”
यूएफबीयू ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संगठनात्मक संघर्ष जारी रहेगा।
Continue With Google
Comments (0)