कट्ठीवाड़ा: राजपरिवार के राणा दिग्विजय सिंह ने कट्ठीवाड़ा में एक सर्वसुविधायुक्त खेल संकुल के निर्माण की घोषणा की है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग ढाई करोड़ रुपये होगी। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान करना है.
महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं
राणा दिग्विजय सिंह ने बताया कि खेल संकुल में महिलाओं के प्रशिक्षण के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं के लिए अलग से समय निर्धारित होगा और उनके मार्गदर्शन के लिए महिला कोच की भी नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचों को भी बुलाकर स्थानीय कोचों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रतिवर्ष खेल महोत्सव का आयोजन
कट्ठीवाड़ा राजपरिवार के पोलो ग्राउंड पर प्रतिवर्ष खेल महोत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसमें कबड्डी, क्रिकेट, वॉलीबॉल जैसे विविध खेलों का समावेश होता है। इस ग्राउंड को राष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान का स्वरूप दिया जा रहा है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी भाग लेते हैं।
आधुनिक खेल सुविधाएं
राणा दिग्विजय सिंह ने स्टेट न्यूज से चर्चा करते हुए बताया कि प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में क्रिकेट, टेबल टेनिस, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, रेसलिंग, शूटिंग आदि खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां पर अत्याधुनिक उपकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्मित किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के अवसर मिल सकें।
इस पहल से कट्ठीवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को खेल के क्षेत्र में नए आयाम प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके भविष्य को एक नई दिशा मिल सकती है।
Continue With Google
Comments (0)