अनूपपुर: खांडा गांव में सोमवार सुबह तीन हाथियों के समूह ने एक ग्रामीण के घर और खेतों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो मवेशियों की जान चली गई और फसलों को भी भारी नुकसान हुआ।

सूत्रों के अनुसार, खांड़ा निवासी बलराम केवट पिता रामप्यारे केवट जंगल के किनारे बने खेत में कच्चे मकान में रहते हैं। यहां वे मवेशियों को चराने और खेतों में काम करने का कार्य करते हैं। सोमवार की सुबह, तीन हाथियों का समूह, जो पिछले तीन दिनों से इस क्षेत्र में घूम रहा था, ने एक गाभिन गाय और एक बैल पर हमला कर उन्हें मार डाला। बाकी मवेशी गिरमा तोड़कर जंगल की ओर भाग गए।

हाथियों के द्वारा बलराम केवट के खेत में बने कच्चे मकान को तहस-नहस कर दिया गया और खेतों में लगी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी और पशु चिकित्सा डॉक्टर दीक्षित ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई की।

वन विभाग की चेतावनी:

  • ग्रामीणों को हिदायत दी गई है कि वे रात के समय खेतों में बने कच्चे मकानों में न रहें।
  • रात में पक्के मकान में रहने की सलाह दी गई है।

सोमवार की रात हाथियों का यह समूह किस दिशा में जाएगा, यह देर रात तक पता चल सकेगा। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।