मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के नगर परिषद जतारा स्थित विद्युत कार्यालय में मंगलवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बिजली समस्या को लेकर पहुंची महिलाओं और विद्युत कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान कर्मचारियों और महिलाओं के बीच मारपीट हो गई, जिससे मौके पर मौजूद ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिलाओं के साथ हुई मारपीट की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। इसी दौरान एक ग्रामीण ने ईंट उठाकर विद्युत कर्मचारियों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार्यालय परिसर में हंगामा और मारपीट होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि ग्रामीण लंबे समय से क्षेत्र की बिजली समस्या और खराब ट्रांसफार्मर को लेकर परेशान थे तथा शिकायत दर्ज कराने कार्यालय पहुंचे थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Continue With Google
Comments (0)