आलोट। विजयादशमी पर्व पर मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से नगर में पथ संचलन निकाला गया। विक्रम क्लब मैदान से प्रारंभ हुआ संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। हाथों में दंड लिए स्वयंसेवक अनुशासित कतार में कदमताल करते हुए आगे बढ़े। इस दौरान जयघोष से वातावरण गूंज उठा।

पथ संचलन में संघ का घोष दल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। घोष दल के स्वयंसेवक ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ संचलन में शामिल हुए। स्वयंसेवकों का अनुशासन और उत्साह देखने को मिला।

नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पथ संचलन पुनः विक्रम क्लब मैदान पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। संचलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी योगेश पाटीदार, यातायात थाना प्रभारी सत्येंद्र राजपूत, नायब तहसीलदार हेमलता डिंडोरे, उप निरीक्षक मनोज पाटीदार सहित पुलिस बल मौजूद रहा।