आलीराजपुर। शहर में श्रद्धा का महासागर उस वक्त उमड़ पड़ा, जब पंचमुखी हनुमान मंदिर से भव्य चुनरी यात्रा पूरे विधि-विधान के साथ प्रारंभ हुई। भजनों, ढोल-नगाड़ों और “जय माता दी” के जयघोष के बीच यह यात्रा मुख्य बाजार, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों और नगर मार्गों से गुजरते हुए मनकामेश्वरी माता मंदिर, बोरखड़ पहुंची।
यात्रा के दौरान मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया, जिससे पूरा नगर भक्तिमय और उत्सवमय हो गया।
इस भव्य आयोजन में 1100 कलश धारण किए श्रद्धालु, खासकर माता-बहनों की अनुशासित भागीदारी ने सभी का मन मोह लिया। आयोजन में आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल, जोबट विधायक सेना महेश पटेल, तथा मनकामेश्वरी माता मंदिर समिति का विशेष सहयोग रहा। साथ ही लगभग 3000 चुनरी साड़ियों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया, जब 551 मीटर लंबी चुनरी माता को अर्पित की गई—जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
अंत में महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ यात्रा का समापन हुआ। यह आयोजन आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।

Continue With Google
Comments (0)