बंगवार भूमिगत कोयला खदान में बड़ा हादसा, दो मजदूरों की मौत, चार घायल
शहडोल। जिले के एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत बंगवार भूमिगत कोयला खदान में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खदान के भीतर स्टॉपिंग वॉल निर्माण कार्य के दौरान अचानक छत का एक हिस्सा ढह गया, जिसकी चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार दोपहर लगभग 3:30 बजे दूसरी पाली के दौरान हुआ। उस समय मजदूर खदान के अंदर स्टॉपिंग वॉल निर्माण कार्य में लगे हुए थे। अचानक खदान की छत का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां कार्यरत मजदूर मलबे में दब गए।
हादसे के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही एसईसीएल प्रबंधन, बचाव दल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद चार घायल मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान प्रेमलाल विश्वकर्मा, राजकुमार यादव, अमित यादव एवं अंजनी बैगा के रूप में हुई है। वहीं मृतकों की पहचान बल्लू कोल और गोलू बैगा के रूप में की गई है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। प्रशासन द्वारा हादसे की जांच के निर्देश दिए गए हैं तथा खदान में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा तथा हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Continue With Google
Comments (0)