हटा में भव्य आयोजन
हटा: देव श्री गौरीशंकर मंदिर परिसर में चल रहे अतिरुद्र महायज्ञ और संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन का आयोजन अत्यंत भव्य और भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर कथा व्यास पं. डॉ. अनिल शास्त्री जी ने श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का रसपूर्ण वर्णन किया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कथा स्थल "नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। दल दल घोड़ी नृत्य और रामतूला वादन के बीच श्रोता भी श्रीकृष्ण भक्ति में मग्न होकर झूम उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन एवं भगवान श्रीकृष्ण की आरती के साथ हुआ।
- यजमान परिवार एवं आयोजन समिति द्वारा पं. डॉ. अनिल शास्त्री जी का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया और कथा के अंत में मिठाई से तुलादान किया गया।
- पं. शास्त्री जी ने बताया कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म और अत्याचार बढ़ते हैं, तब-तब भगवान स्वयं अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं।
कथा के मध्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का जीवंत मंचन किया गया। जैसे ही रात्रि 12 बजे का संकेत हुआ, शंखनाद और घंटियों की ध्वनि से पूरा पंडाल गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने खड़े होकर “नंद के आनंद भयो” और “जय कन्हैया लाल की” के उद्घोष किए। महिलाओं ने मंगल गीत गाए और बाल गोपाल की झांकी सजाकर झूला झुलाया गया।
पं. शास्त्री जी ने कहा, जब मन रूपी कारागार से अहंकार और पाप के बंधन टूटते हैं, तब हमारे भीतर भी श्रीकृष्ण का जन्म होता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में सत्य, धर्म और प्रेम के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
अंत में महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस दौरान रामगोपाल जी सरकार महंत श्याम दास जी महाराज, पथरिया विधायक एवं पशु पालन एवं डेयरी मंत्री मध्य प्रदेश शासन लखन पटेल, हटा विधायक उमा देवी खटीक, जनपद अध्यक्ष गंगाराम पटेल, महायज्ञ समिति अध्यक्ष अनुराग वर्धन सिंह हजारी, पूर्व विधायक पीएल तंतुवाय, गोपाल पटेल, रीतेश अग्रवाल सहित आयोजन समिति एवं वरिष्ठ गणमान्य जन एवं हजारों की संख्या में कथा श्रोताओं की मौजूदगी रही।
Continue With Google
Comments (0)