गढ़ाकोटा में पंचकल्याण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, निकली दिव्य घट यात्रा; श्रद्धा और भक्ति से गूंजा नगर
गढ़ाकोटा। सागर जिले के गढ़ाकोटा स्थित पवित्र जैन तीर्थ सिद्ध क्षेत्र घुन घुनीयां मंदिर पटेरिया जी धाम में आयोजित पंचकल्याण प्रतिष्ठा महोत्सव का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन नगर में श्रद्धा,भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। जैन समाज द्वारा घट यात्रा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। लालपुरा चौधरी जैन मंदिर से निकली भव्य यात्रा महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर नगर के चौधरी जैन मंदिर से भव्य एवं दिव्य घट यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में जैन समाज के पुरुष,महिलाएं,बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति भाव से चल रही थीं। कलशों को रंग-बिरंगे वस्त्रों और फूलों से सजाया गया था,जिससे यात्रा और भी आकर्षक दिखाई दे रही थी। धार्मिक जयघोष से भक्तिमय हुआ माहौल
घट यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान बैंड-बाजों की मधुर धुन,ढोल-नगाड़ों की गूंज और भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण धर्ममय हो गया। श्रद्धालु “जय जिनेंद्र” और अन्य धार्मिक जयघोष लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे,जिससे नगर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने किया पुष्प वर्षा से स्वागत
यात्रा के नगर के विभिन्न स्थानों से गुजरने के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी व स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां से समाज के लोगों ने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। इस दौरान नगर में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
*पटेरिया जी धाम में हुई कलश स्थापना*
नगर भ्रमण के बाद घट यात्रा सिद्ध क्षेत्र पटेरिया जी धाम पहुंची,जहां विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना की गई। इसके साथ ही पंचकल्याण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और पूजन कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत हो गई।
छः दिनों तक चलेंगे धार्मिक कार्यक्रम आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव के दौरान आने वाले दिनों में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा से जुड़े अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, प्रवचन,धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहेंगे। देश के विभिन्न क्षेत्रों से साधु-संतों और श्रद्धालुओं के भी पहुंचने की संभावना है।
बड़ी संख्या में पहुंचेंगे श्रद्धालु
महोत्सव को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने बताया कि आगामी दिनों में हजारों श्रद्धालुओं के गढ़ाकोटा पहुंचने की संभावना है। इसके लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस भव्य आयोजन से गढ़ाकोटा नगर में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण और भी सशक्त हो गया है तथा पूरा क्षेत्र भक्ति और श्रद्धा से सराबोर नजर आ रहा है।

Continue With Google
Comments (0)