भीमपुर में जयस के नेतृत्व में महापुरुषों की मूर्तियों का भव्य अनावरण

हजारों ग्रामीणों की मौजूदगी में कार्यक्रम, कई प्रमुख नेताओं ने की शिरकत

आदिवासी अधिकारों को लेकर नेताओं ने उठाए सवाल, सरकार पर साधा निशाना

बैतूल।भीमपुर क्षेत्र में जयस संगठन के नेतृत्व में रविवार को महापुरुषों की मूर्तियों का भव्य अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर, रानी दुर्गावती, बिरसा मुंडा, सरदार विष्णु सिंह गोंड एवं क्रांतिकारी गंजन सिंह कोरकू की मूर्तियों का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीण एवं आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे। आयोजन को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, पूर्व जिला अध्यक्ष रामू टेकाम, हेमंत वागद्रे, मेहरा समाज अध्यक्ष संतु सुरवंशी, यादव समाज अध्यक्ष भूरा यादव सहित जयस संगठन के जिला अध्यक्ष संदीप धुर्वे, रामदेव ककोड़िया और शंभू धुर्वे मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए जयस संगठन के नेता रामदेव ककोड़िया ने बीजेपी सरकार और जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आदिवासी महापुरुषों की मूर्तियों के लिए भीमपुर में भूमि उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने अतिक्रमण के मुद्दे को भी उठाते हुए कहा कि आदिवासी समाज इसका जवाब देगा।
वहीं पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने कहा कि यह क्षेत्र पांचवीं अनुसूची में होने के बावजूद यहां पेसा एक्ट का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से आदिवासियों की जमीन सुरक्षित रह सकी।
कार्यक्रम में संदीप धुर्वे, रामू टेकाम और हेमंत  वागद्रे ने भी सभा को संबोधित किया तथा जयस संगठन द्वारा किए गए इस आयोजन की सराहना की।