सिंधिया के साथ "संवाद एवं समाधान" कार्यक्रम का भव्य आयोजन
गुना: व्यापार एवं उद्योग महासंघ और युवराज क्लब द्वारा आयोजित "संवाद एवं समाधान" कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद श्रीमंत सिंधिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस पूर्णतः गैर-राजनीतिक कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य परिवार के मुखिया से परिवार के सदस्यों के बीच सजीव परिचर्चा करना था।
शहर के प्रमुख व्यापारिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के साथ अपनत्व और प्यार भरी बातचीत ने सभी उपस्थितजनों और स्वयं महाराज सिंधिया को अत्यंत उत्साहित किया। दूधिया रोशनी से सजे इस गरिमामय कार्यक्रम में सिंधिया रात करीब 9 बजे पहुंचे और कार्यक्रम की भव्यता से प्रभावित होकर दो घंटे का समय अपने परिवारजनों के बीच बिताया।
कार्यक्रम स्थल को आयोजकों ने सुंदर बैनरों से सजाया था। सिंधिया की आगवानी में जोरदार आतिशबाजी की गई। नन्हे बैडमिंटन खिलाड़ियों ने सिंधिया के स्केच वाली टीशर्ट पहनकर उन्हें गुलाबों से स्वागत किया।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि सभी संगठन अपने मुखिया के स्वागत हेतु पांच किलो से इक्कीस किलो तक के बड़े हार लेकर पहुंचे और मंच पर पहुंचकर अपने मुखिया का अभिनंदन किया, जिससे समूचा माहौल खुशी से भर गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कैलाशवासी बड़े महाराज सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से की गई। इसके बाद मंचासीन आयोजकों ने महाराज सिंधिया का गर्मजोशी से स्वागत किया। महासंघ अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने स्वागत भाषण में सांसद सिंधिया के 21 माह के कार्यकाल में 3100 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा को शहरवासियों हेतु बड़ी उपलब्धि बताया।
श्रीमंत सिंधिया ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में कहा कि गुना में कुछ नया और बड़ा होने वाला है, जिससे शहर की तस्वीर बदल जाएगी। अपने उद्बोधन के बाद सिंधिया ने मंच से नीचे आकर अपने प्रियजनों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर युवराज क्लब के अध्यक्ष विजय सिंह परिहार बैजू, सचिव संजय अग्रवाल और कई खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन में अपने हाथ आजमाए। क्लब के सीनियर सदस्य वीरेंद्र अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, सुखवीर सिंह ठाकुर, मुरारीलाल शर्मा, डॉ. विष्णु गोयल, सुनील अग्रवाल और धर्मेश विजयवर्गीय को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि सिंधिया के साथ प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, भाजपा ज़िलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविन्द गुप्ता, चांचोड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका मीणा, राजेश अग्रवाल, विजय सिंह परिहार बैजू, वीरेंद्र अग्रवाल, डॉ. विष्णु गोयल, सुनील अग्रवाल, संजय अग्रवाल और प्रधुम्न जैन मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन अतुल अग्रवाल ने किया और आभार संजय अग्रवाल "महू" द्वारा व्यक्त किया गया।

Continue With Google
Comments (0)