"नवग्रह शक्तिपीठ के निर्माण से राष्ट्र एवं क्षेत्र  की सुख-समृद्धि बढ़ेगी वही सनातन धर्म को बढ़ावा मिलेगा -दाती महाराज"

 डबरा | शनि धाम पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर दाती महाराज और आचार्य बद्रीश जी महाराज डबरा पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले नवग्रह पीठ का भ्रमण किया और यज्ञशाला का निरीक्षण किया।  जहां पूर्व गृहमंत्री डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा और पूर्व मंडी अध्यक्ष मुकेश गौतम बंटी  द्वारा दोनों संतों  आरती उतार कर अगवानी की|
      इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से चर्चा  की।  दाती महाराज ने बताया कि डबरा की पावन भूमि पर नवग्रह पीठ बनकर तैयार है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरुआत कल से होगी, जो 9 दिनों तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन लाखों मंत्रों की आहुतियां दी जाएंगी, अनेक धार्मिक अनुष्ठान और तंत्र क्रियाएं संपन्न होंगी। उन्होंने दावा किया कि इन अनुष्ठानों से मूर्तियां पूर्ण रूप से जागृत हो जाएंगी और प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां एक अलग ही आनंद और सुख की अनुभूति होगी।
  उन्होंने इस पीठ को अपने आप में अनूठा बताया, जहां सभी ग्रह अपनी पत्नियों और वाहनों के साथ विराजमान हैं। दाती महाराज के अनुसार, यह पीठ आने वाले समय में ग्रहों की शांति के लिए अनुष्ठान करने वाले एक बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण से सनातन धर्म को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र व राष्ट्र की सुख-समृद्धि भी बढ़ेगी।
 दाती महाराज ने बताया कि यह 9 दिन अद्भुत होंगे और यह पीठ हर समस्या का समाधान होगा। 10 से 20 तारीख तक संपूर्ण साधनाएं होंगी, जो पीठ के लिए आवश्यक हैं। रात्रि में अद्भुत यज्ञ आयोजित किए जाएंगे, जबकि दिनभर सैकड़ों ब्राह्मणों द्वारा मंत्र जाप किए जाएंगे। उन्होंने इस पीठ का आचार्य होना अपना सौभाग्य बताया।
   वहीं आचार्य बद्रीश जी महाराज ने कहा कि दाती महाराज ने अकेले शनिदेव को विराजमान किया है और उसकी महिमा जगजाहिर है, जहां लोगों के हर कष्ट का निवारण होता है। उन्होंने कहा कि जहां पूरे नवग्रह विराजमान होंगे, वहां की महिमा का अंदाजा स्वयं ही लगाया जा सकता है।
       आचार्य बद्रीश जी महाराज ने नौ की संख्या को अपने आप में पूर्ण बताया, जिसके बाद कोई संख्या नहीं होती। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी संख्या है जिसका कितना भी गुणांक किया जाए, उसका योग अंक नौ ही आता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अनुष्ठान के बाद यहां की सभी प्रतिमाएं जीवंत हो जाएंगी और पीठ का कण-कण सजीव हो उठेगा। 
     इस अवसर पर नवग्रह शक्ति पीठ के मुख्य आयोजक प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, कृषि उपज मंडी के पूर्व अध्यक्ष मुकेश गौतम बंटी, पूर्व जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा उपस्थित रहे|