आलोट। खामरिया कमलतीर्थ स्थित राड़ी माता गौशाला में गौवंश की सुविधा के लिए नवनिर्मित शेड का सोमवार को लोकार्पण किया गया। धार्मिक एवं सामाजिक सेवा भावना से किए गए इस निर्माण कार्य में थराद त्रिस्तुतिक जैन श्रीसंघ मुंबई का सहयोग रहा। शेड का निर्माण पुण्यसम्राट गुरुदेव के पट्टधर गच्छाधिपति श्री नित्यसेन सूरीश्वरजी म.सा. एवं आचार्य श्री जयरत्न सूरीश्वरजी म.सा. की प्रेरणा से कराया गया।

लोकार्पण अवसर पर मुंबई-थराद श्रीसंघ अध्यक्ष रमेश धरू ने विधिवत गौ-पूजन किया। इसके बाद नवनिर्मित शेड गौसेवा के लिए समर्पित किया गया। कार्यक्रम में गौशाला समिति के पदाधिकारी, सदस्य और समाजजन मौजूद रहे।

समारोह में थराद श्रीसंघ के भरत व्होरा (भायंदर), भरतभाई लाडू एवं परिषद मीडिया प्रभारी ब्रजेश बोहरा सहित अन्य समाजजन शामिल हुए। गौशाला समिति की ओर से संरक्षक अशोक शर्मा, सचिव नटवर राव पवार, उपाध्यक्ष थान सिंह सिसोदिया, पूर्व सरपंच भेरू सिंह परिहार एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रामप्रसाद मुनीम ने अतिथियों का स्वागत एवं बहुमान किया।

रमेश धरू ने कहा कि गौसेवा केवल सेवा कार्य नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। गौशाला में शेड बनने से गौवंश को धूप, बारिश एवं मौसम के प्रतिकूल प्रभाव से बचाने में सुविधा होगी। साथ ही गौशाला की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम का संचालन गौशाला समिति अध्यक्ष राहुल रांका ने किया। उपस्थित गौसेवकों ने शेड निर्माण के लिए सहयोग करने वाले श्रीसंघ एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे गौसेवा की दिशा में उपयोगी पहल बताया।