आलोट। श्री राजेश्वर पब्लिक स्कूल आलोट में नवरात्रि के अवसर पर गरबा महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गरबे की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और नौ कन्याओं के पूजन के साथ हुआ।

इस अवसर पर शिक्षक अविनाश व्यास, हरिओम शर्मा और शेखर खेत्रा ने विद्यार्थियों को नवरात्रि के नौ दिनों, मां दुर्गा के नौ स्वरूपों और भारतीय संस्कृति में शक्ति उपासना के महत्व की जानकारी दी। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने गरबे की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना रहा।