आलोट। उप्पली टोली स्थित सिद्धिविनायक गणेश उत्सव समिति द्वारा भगवान श्री सिद्धिविनायक की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित 12 दिवसीय गणेश उत्सव का समापन श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। अंतिम दिन भगवान को 56 भोग अर्पित कर महाआरती की गई। इसके बाद ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से बप्पा को विदाई दी।

महाआरती के बाद गणेश प्रतिमा को विसर्जन के लिए शिप्रा नदी तट पर ले जाया गया। विसर्जन स्थल पर प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में प्रतिमा का विसर्जन कराया गया। इस दौरान थाना प्रभारी योगेश पाटीदार, उपनिरीक्षक प्रमोद राठौड़, प्रधान आरक्षक अमित भावसार, आरक्षक अभिनंदन जगावत, दीपक पाटीदार, कस्बा पटवारी सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं नगर परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने विसर्जन के दौरान व्यवस्थाएं संभाली।

विसर्जन यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। रंग-गुलाल से सराबोर श्रद्धालु नासिक के ढोल की थाप पर भक्ति में थिरकते नजर आए। जगह-जगह गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। युवाओं के साथ महिलाएं और बच्चे भी उत्साह के साथ विसर्जन यात्रा में शामिल हुए।

25 वर्षों से चली आ रही सिद्धिविनायक गणेश स्थापना की परंपरा के चलते इस वर्ष का उत्सव समिति और श्रद्धालुओं के लिए विशेष रहा। 12 दिनों तक धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अंतिम दिन 56 भोग और महाआरती के बाद बप्पा की विदाई के समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। सभी ने अगले वर्ष फिर से गणपति बप्पा के आगमन की कामना के साथ ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ का जयघोष किया।