नेपानगर के ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत रहमानपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम घमनपुरा में रेत के अवैध उत्खनन और भंडारण का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, नदी से रेत निकालकर खेतों के पास करीब 80 से 100 ट्रॉली रेत का बड़ा ढेर जमा किया गया है।


घमनपुरा जाने वाले डामरी रोड से आगे कच्चे रास्ते पर खेतों के समीप रेत का यह भंडारण किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में रेत जमा होने से शासन को राजस्व का नुकसान होने की आशंका है। वहीं, नियमानुसार ठेका लेकर रेत का कारोबार करने वाले ठेकेदार को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

अब सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में रेत का भंडारण किसकी अनुमति से किया गया है? क्या संबंधित विभाग को इसकी जानकारी नहीं है?