अवैध सागवान चिरान परिवहन पकड़ा, वाहन सहित सामग्री जब्त
आरोपी पर वन अपराध दर्ज, आरोपी फरार, 145 नग लकड़ी बरामद
रेहटी। सीहोर वन मंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र रेहटी मै मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर वन परिक्षेत्र रेहटी एवं वन विकास निगम की संयुक्त टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन की जा रही सागवान चिरान लकड़ी पकड़ी गई। टीम ने दो दल बनाकर ग्राम खनपुरा के पास तजपुरा सड़क मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन को रोका और जांच की, जिसमें सागवान चिरान लकड़ी का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों के किया जाना पाया गया। इसके बाद मौके पर ही वाहन सहित सामग्री को जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया।
वन विभाग के अनुसार इस मामले में बसंत मालवीय पिता रामेश्वर मालवीय निवासी चक्लदी मौके से फरार हो गए।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभागीय कार्रवाई जारी है। आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 10/1642/20/2007 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान जब्त सामग्री का विवरण 145 नग सागवान चिरान, कुल मात्रा लगभग 1.038 घन मीटर दर्ज किया गया है। मामले में आगे जांच जारी है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी का वर्जन
वन परिक्षेत्र अधिकारी रेहटी ने बताया कि वन संपदा की सुरक्षा को लेकर विभाग सतत निगरानी कर रहा है। अवैध लकड़ी परिवहन एवं वन अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी रेहटी के निर्देशन में संपन्न हुई। संयुक्त टीम में वनपाल इंद्रजीत सिंह (कार्यवाहक वनपाल), हरीश माहेश्वरी (डिप्टी रेंजर ), नवीन सिंह (वनपाल वाया), मनोहर सिंह एवं रघुवीर सिंह सहित वन विकास निगम के परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी की विशेष भूमिका रही।
कार्रवाई के दौरान डिप्टी रेंजर चकल्दी हरीश माहेश्वरी की सक्रियता विशेष रूप से सराहनीय रही। क्षेत्र में अपनी ईमानदार कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा एवं वन संपदा संरक्षण के प्रति सतत सजग रहने वाले अधिकारी के रूप में उनकी पहचान है। उनके नेतृत्व एवं तत्परता से टीम को मौके पर त्वरित कार्रवाई करने में सफलता मिली, जिससे अवैध लकड़ी परिवहन करने वालों पर प्रभावी शिकंजा कसा जा सका।

Continue With Google
Comments (0)