भगोरिया हाट में बवाल: युवक-युवती के विवाद में युवक घायल, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा तनाव
बुरहानपुर। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फोपनार में आयोजित पारंपरिक भगोरिया हाट के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक और युवती के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने तीखा रूप ले लिया और झड़प की स्थिति बन गई। इस दौरान एक युवक घायल हो गया, जिससे कुछ देर के लिए हाट बाजार में तनाव का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, विवाद किसी पुरानी बात को लेकर शुरू हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई, जो अचानक उग्र हो गई। इसी दौरान युवक के सिर पर हाथ में पहना जाने वाला कड़ा लग गया, जिससे उसे चोट आई। हालांकि चोट गंभीर नहीं बताई जा रही है, लेकिन घटना ने बाजार में मौजूद लोगों को चौंका दिया।
मौके पर तैनात शाहपुर पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए बीच-बचाव किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने की चेतावनी दी।
गौरतलब है कि भगोरिया हाट होली पर्व से पहले आदिवासी समाज का प्रमुख पारंपरिक उत्सव है। वर्षों से यह हाट उत्साह, उमंग और पारंपरिक संस्कृति का प्रतीक रहा है। दूर-दूर से लोग यहां पहुंचकर खरीदारी करते हैं और त्योहार की तैयारियों में जुटते हैं। इसी कारण सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल की तैनाती भी की जाती है, ताकि किसी प्रकार की अवांछित स्थिति उत्पन्न न हो।
घटना के बाद पुलिस की मुस्तैदी से हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहे और बाजार की गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रहीं। फिलहाल क्षेत्र में शांति है, लेकिन घटना ने यह जरूर याद दिलाया है कि उत्सव के माहौल में संयम और आपसी समझ बेहद जरूरी है।

Continue With Google
Comments (0)